बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बरगवां के वार्ड 9 और 10 में सफाई के बाद बढ़ी गंदगी, सड़क पर पड़ा नालियों का कचरा

एक सप्ताह से कचरा नहीं उठाए जाने का आरोप, कीचड़ से आवागमन मुश्किल; सफाई व्यवस्था और खर्चों की जांच की मांग

सिंगरौली । नगर परिषद बरगवां के वार्ड नंबर 9 और 10 में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। आरोप है कि नालियों की सफाई के बाद निकाला गया कचरा सड़क पर ही छोड़ दिया गया, जिससे रास्ते में कीचड़ और गंदगी फैल गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले नालियों का गंदा पानी रास्ते में बहने और कीचड़ फैलने की शिकायत नगर परिषद से की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने दो सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजा। आरोप है कि कर्मचारी कुछ घंटे काम करने के बाद लौट गए, लेकिन नालियों से निकाला गया कचरा सड़क से नहीं हटाया गया।

बारिश के बाद हालात और खराब
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक सप्ताह तक कचरा सड़क पर पड़ा रहा। इस दौरान उसका कुछ हिस्सा वापस नाली में चला गया, जबकि शेष कचरे से रास्ते पर कीचड़ जमा हो गया। बीते दिनों हुई हल्की बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। लोगों को गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
स्थानीय निवासी वंश गोपाल रावत, राजू साकेत, हीरा सिंह बघेल, शंकर रावत, मुन्ना रावत और अनिल रावत ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि वार्डों में नियमित सफाई नहीं होती और शिकायतों के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

कर्मचारियों और खर्चों की जांच की मांग
रहवासियों ने नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की तैनाती और व्यवस्था पर होने वाले खर्च को लेकर भी सवाल उठाए हैं। स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि कागजों में दर्ज कर्मचारियों की संख्या के मुकाबले मौके पर कम कर्मचारी काम करते हैं। इसके साथ ही सफाई सामग्री की खरीद और बिलिंग में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है, ताकि सफाई व्यवस्था पर होने वाले खर्च और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। फिलहाल वार्ड 9 और 10 के रहवासी सड़क पर जमा कचरे और कीचड़ से निजात मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button