बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अवैध खनिज परिवहन पर विभाग का शिकंजा, अलग-अलग इलाकों से 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं

मिट्टी, रेत, मुरूम और बोल्डर ले जा रहे वाहन जब्त; बैढ़न, जयंत और मोरवा पुलिस की अभिरक्षा में रखे गए

सिंगरौली। जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। ये वाहन मिट्टी, रेत, मुरूम और बोल्डर का अवैध परिवहन करते पाए गए। सभी वाहनों को अलग-अलग पुलिस थानों और चौकी में खड़ा कराया गया है।

कलेक्टर अंकित अस्थाना के निर्देश और खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने मिट्टी का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ीं। वहीं खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा ने रेत का परिवहन करते 3, मुरूम ले जाते 1 और बोल्डर का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की।

तीन पुलिस केंद्रों में रखे गए वाहन
कार्रवाई में जब्त सभी 7 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना कोतवाली बैढ़न, पुलिस चौकी जयंत और पुलिस थाना मोरवा में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग अब संबंधित वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगा।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध खनिज परिवहन पर विभाग लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का परिवहन करने वालों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button