जन प्रयास फाउंडेशन की 9वीं वर्षगांठ पर रक्तदान शिविर आयोजित
रेडक्रॉस ब्लड सेंटर एवं जन प्रयास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन, स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान की अपील

बैढ़न,। जन प्रयास फाउंडेशन की 9वीं वर्षगांठ के अवसर पर रेडक्रॉस ब्लड सेंटर एवं जन प्रयास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मिश्रा पॉली क्लिनिक, बैढ़न में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
*स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट का रक्त संग्रहण किया गया*
शिविर का शुभारंभ प्रातः 9 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपनी सहभागिता निभाई।
जन प्रयास फाउंडेशन द्वारा अपनी स्थापना वर्षगांठ के अवसर पर प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। संस्था का प्रमुख उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर के आयोजन में मिश्रा नर्सिंग होम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से जिलेवासियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई कि स्वस्थ एवं पात्र नागरिक स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं। साथ ही जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों को रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय एवं नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर जन प्रयास फाउंडेशन के संरक्षक एस. डी. सिंह, गोविन्द पाण्डेय, डॉ. डी. के. मिश्रा, मिथिलेश मिश्रा एवं विवेक त्रिपाठी सहित रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से सचिव डॉ. ओ. पी. राय, डॉ. सुशील सिंह चंदेल, अमित द्विवेदी, ज्ञानेंद्र सिंह, बृजेश शुक्ला एवं ओमप्रकाश तिवारी उपस्थित रहे।
रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. आर. डी. द्विवेदी एवं अतिरिक्त मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एन. के. जैन ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रक्तदान प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
शिविर के सफल संचालन में रेडक्रॉस ब्लड सेंटर के सेवायुक्त हरिशंकर गुप्ता, जय प्रकाश दुबे, शिवानी सिंह, रेशमा एवं रामकली रजक ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में जन प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि संस्था द्वारा रक्तदान के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं मानवसेवा के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने जिले की सभी सामाजिक संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों से जुड़े नागरिकों से भी स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।











