देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गंगासागर में मकर संक्रांति का महास्नान, आस्था का सागर उमड़ा

कोलकाता। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गंगासागर में आज आस्था का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही लाखों श्रद्धालु गंगा और सागर के संगम पर पुण्य स्नान के लिए उमड़ पड़े। मान्यता है कि त्रेता युग में इसी स्थल पर कपिल मुनि के आश्रम के समीप गंगा के स्पर्श से राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को मोक्ष प्राप्त हुआ था, तभी से इस स्थान पर मकर संक्रांति के दिन स्नान की परंपरा चली आ रही है।

 

सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं ने संगम तट पर स्नान शुरू कर दिया। श्रद्धा, भक्ति और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु ठंडे जल में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करते नजर आए। देश-विदेश से आए तीर्थयात्री अपने-अपने शिविरों से निकलकर संगम तक पहुंचे और आस्था के साथ स्नान किया।

 

कपिल मुनि आश्रम के महंत ज्ञान दास के अनुसार बुधवार रात 9:19 बजे सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा, जिससे पुण्य काल आरंभ होगा और यह गुरुवार दोपहर 1:20 बजे तक रहेगा। इसी कारण गुरुवार सुबह मकर संक्रांति का मुख्य पुण्य स्नान माना जा रहा है।

 

राज्य सरकार ने अभी तक आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं, लेकिन अनुमान है कि करीब 15 लाख श्रद्धालु अब तक स्नान कर चुके हैं, जबकि कुल 30 लाख से अधिक लोग गंगासागर पहुंचे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड के साथ-साथ नौसेना और तटरक्षक बल के 10 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें।

Author

Related Articles

Back to top button