नवजात शिशुओं के शत-प्रतिशत आधार नामांकन पर जोर
अस्पतालों में प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को मिलेगी आधार पंजीयन व अद्यतन की सुविधा

सिंगरौली। जिले में 0 से 1 वर्ष आयु वर्ग के नवजात शिशुओं का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल शुरू की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर डाक विभाग के सहयोग से जिले के प्रमुख अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में नवजात शिशुओं के आधार पंजीयन एवं अद्यतन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार जिला चिकित्सालय बैढ़न, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी और सिविल अस्पताल बरगवां में प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को आधार पंजीयन और अद्यतन की सुविधा मिलेगी। प्रत्येक केंद्र पर डाक विभाग के दो कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो आधार संबंधी प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
कलेक्टर गौरव बैनल ने निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु का आधार नामांकन यथासंभव जन्म स्थान पर ही कराया जाए। जन्म पंजीयन के साथ आधार नामांकन तथा अभिभावकों के मोबाइल नंबर को आधार से अद्यतन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है।प्रशासन का मानना है कि समय पर आधार नामांकन होने से बच्चों को भविष्य में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और डाक विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को सुचारू बनाया जा रहा है।
ट्रामा सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आधार नामांकन व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवजात शिशुओं के आधार नामांकन की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों को आधार पंजीयन की सुविधा और प्रक्रिया की आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।निरीक्षण के दौरान डीजीईएम संजय विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।













