बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

उत्कृष्ट विद्यालय की निःशुल्क कोचिंग का कमिश्नर ने लिया जायजा

विद्यार्थियों से किया संवाद, कहा- गलतियों से सीख लेकर कमियों को दूर करें और लक्ष्य की ओर बढ़ें

सिंगरौली, 12 सितंबर। कलेक्टर गौरव बैनल के प्रयासों से सीएसआर मद के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यालय में चैतन्य अकादमी द्वारा संचालित निःशुल्क आईआईटी, नीट एवं जेईई कोचिंग कक्षाओं का रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने जायजा लिया। उन्होंने कोचिंग में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, तैयारी, लक्ष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली तथा उन्हें सफलता के लिए प्रेरित किया।

कमिश्नर ने निःशुल्क कोचिंग की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह कोचिंग सिंगरौली के विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यालय आने का उद्देश्य केवल पढ़ाई पूरी करना नहीं, बल्कि जीवन के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ना होना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करे और अनुशासन, नियमित अभ्यास एवं सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करे। परीक्षा को लेकर भयभीत होने के बजाय अपनी तैयारी पर विश्वास रखें।

गलतियों से सीखने की दी सलाह
कमिश्नर ने विद्यार्थियों को महापुरुषों एवं सफल व्यक्तित्वों की जीवनियां पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। विद्यार्थियों को निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने और उसका बार-बार अभ्यास करने पर जोर दिया।

उन्होंने शिक्षकों से नियमित टेस्ट सीरीज आयोजित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के वास्तविक वातावरण में अभ्यास कराया जा सके। इससे समय प्रबंधन, प्रश्नों को समझने और सही उत्तर देने की क्षमता विकसित होगी।
कमिश्नर ने कहा कि गलतियों से घबराने के बजाय उन्हें तैयारी बेहतर करने का अवसर मानना चाहिए। प्रत्येक टेस्ट के बाद अपनी कमियों का विश्लेषण कर उन्हें दूर करें। सफलता एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि रोज किए गए छोटे-छोटे प्रयासों का परिणाम होती है। परिस्थितियां कैसी भी हों, लक्ष्य से विचलित नहीं होना चाहिए।

100-100 विद्यार्थियों को मिल रही कोचिंग
चैतन्य अकादमी द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग में नीट, आईआईटी एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। वर्तमान में प्रत्येक परीक्षा के लिए 100-100 विद्यार्थियों को तैयार किया जा रहा है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कोचिंग कक्षाओं की लाइव टेलीकास्टिंग की व्यवस्था की तैयारी भी की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी इन कक्षाओं का लाभ ले सकेंगे।
हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय समय के बाद भी कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
इस अवसर पर कलेक्टर गौरव बैनल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, तहसीलदार सविता यादव सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button