इंडोनेशिया: जावा सागर में 240 यात्रियों से भरा जहाज लापता, कई भारतीय भी सवार; तलाशी में जुटीं रेस्क्यू टीमें

जकार्ता/नई दिल्ली। इंडोनेशिया में रविवार को करीब 240 यात्रियों को लेकर जा रहा एक बड़ा यात्री जहाज जावा सागर में अचानक लापता हो गया। जहाज पूर्वी जावा के सुरबाया से बोर्नियो द्वीप स्थित दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन जा रहा था। इसी दौरान समुद्र में अचानक मौसम बिगड़ने के बाद जहाज का संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया। बताया जा रहा है कि जहाज में सवार यात्रियों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
तकनीकी खराबी के बाद टूटा कम्यूनिकेशन
अधिकारियों के अनुसार, लापता हुए जहाज का नाम ‘वार्गो ट्रांसपोर्ट 8’ है। पोत संचालक ने बताया कि जहाज में आई तकनीकी खराबी के चलते उसका संचार तंत्र (कम्यूनिकेशन सिस्टम) अचानक बंद हो गया था। खराब मौसम और संपर्क टूटने की सूचना मिलते ही स्थानीय राहत व बचाव एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
तट से 148 किमी दूर मिली थी अंतिम लोकेशन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज की अंतिम लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन तट से लगभग 148 किलोमीटर दूर दर्ज की गई थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। इस समय प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जहाज की सही स्थिति का पता लगाकर उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
त्रिशक्ति में बना ऑपरेशन्स पोस्ट, बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी
बंजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के ऑपरेशन्स प्रमुख अरियांतो अर्दी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रेस्क्यू जहाजों और बचाव कर्मियों को तुरंत उस क्षेत्र में रवाना कर दिया गया है, जहां जहाज की अंतिम लोकेशन ट्रेस हुई थी। राहत एवं बचाव अभियान के सुचारू संचालन के लिए ‘त्रिशक्ति’ में एक मुख्य ऑपरेशन्स पोस्ट स्थापित किया गया है। समुद्र में लापता पोत की तलाश युद्धस्तर पर जारी है।













