विदेशी नंबर से दो बार फोन, महंत मनोज शर्मा ने पुलिस से जांच की मांग
पूर्व में मिल चुकी धमकियों का हवाला देते हुए सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

चंडीगढ़, 12 सितंबर। विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ (पंजाब प्रांत) के पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी महंत मनोज शर्मा ‘मनु जी महाराज’ ने अपने मोबाइल पर विदेशी नंबर से आई दो लगातार कॉलों को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन एवं पुलिस को शिकायत देकर जांच की मांग की है।

महंत मनोज शर्मा के अनुसार, 12 सितंबर को सुबह करीब 11:21 बजे उनके मोबाइल फोन पर +977 981-3138258 नंबर से लगातार दो बार कॉल आई। उन्होंने दोनों कॉल रिसीव नहीं की। उनका कहना है कि पूर्व में उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं और इसी पृष्ठभूमि में विदेशी नंबर से आई इन कॉलों को लेकर उन्हें सुरक्षा संबंधी आशंका हुई।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दिए पत्र में कहा कि वह बिना जांच के यह आरोप नहीं लगा रहे कि उक्त कॉल किसी आतंकवादी संगठन या आपराधिक तत्व द्वारा की गई है, लेकिन मामले की तकनीकी एवं साइबर जांच आवश्यक है।
महंत मनोज शर्मा ने पुलिस से विदेशी नंबर के स्रोत, कॉल के तकनीकी विवरण और कॉल करने के उद्देश्य का पता लगाने की मांग की है। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर साइबर सेल के माध्यम से जांच कराने तथा पूर्व में मिली कथित धमकियों को भी जांच के दायरे में शामिल करने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा स्थिति का पुनर्मूल्यांकन करने और जांच में हुई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की मांग की है।












