2029 से पहले भाजपा-एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में लागू होगी समान नागरिक संहिता: अमित शाह

मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वर्ष 2029 से पहले भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित सभी 21 राज्यों में यूसीसी लागू कर दी जाएगी। उन्होंने यह बात मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले 30 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
गृह मंत्री ने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता पहले ही लागू की जा चुकी है और 2029 तक एनडीए शासन वाले सभी 21 राज्यों में इसे पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य हर हाल में हासिल किया जाएगा।
वैश्विक मंच पर बढ़ा भारत और भारतीय पासपोर्ट का मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए अमित शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर भारत का कद और प्रभाव अभूतपूर्व रूप से बढ़ा है। आज विश्व के किसी भी बड़े मसले पर भारत और प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की वैश्विक स्वीकार्यता के चलते भारतीय पासपोर्ट की प्रतिष्ठा बढ़ी है, उन्हें 68 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता माना गया है और अब तक 36 देश उन्हें अपने सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाज चुके हैं।
शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ देश, 2047 का विजन
गृह मंत्री ने रेखांकित किया कि वर्ष 2014 में भारत की गिनती ‘फ्रेजाइल फाइव’ (कमजोर अर्थव्यवस्थाओं) में होती थी, जबकि आज देश दुनिया की शीर्ष पांच सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों में यह विश्वास जगाया है कि 15 अगस्त 2047 तक भारत हर क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने में सक्षम होगा।
घुसपैठियों की पहचान कर निकाला जाएगा बाहर
अवैध घुसपैठ पर कड़ा रुख दोहराते हुए अमित शाह ने कहा कि देश में मौजूद प्रत्येक अवैध घुसपैठिये की पहचान कर उसे बाहर निकालने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, भारत-चीन सीमा व एलएसी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता को सरकार पर पूरा विश्वास है, लेकिन कुछ संवेदनशील मामलों का सार्वजनिक प्रकटीकरण न तो राष्ट्रहित में है और न ही सेना के हित में।













