जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के तहत सामुदायिक भवन बैढ़न में शिविर आयोजित
प्रधानमंत्री के 25 वर्षों का सेवा एवं समर्पण जनसेवा के लिए प्रेरणास्रोत : विधायक श्री रामनिवास शाह

सिंगरौली, / प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण के कार्यकाल को नमन करते हुए जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार एवं जन विश्वास अभियान के तहत सामुदायिक भवन बैढ़न में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामनिवास शाह, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, के मुख्य आतिथ्य तथा नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, वन मण्डल अधिकारी अखिल बंसल, एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह की गरिमामय उपस्थिति रही। शिविर में आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, जनसेवाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।
विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण के कार्यकाल को नमन करते हुए सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में निरंतर राष्ट्र और समाज की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा और जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनसेवाओं को नागरिकों के द्वार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा प्रधानमंत्री जी के सेवा एवं समर्पण के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की अपील की।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का पात्रतानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के संबंध में नागरिकों को जानकारी देते हुए स्वामित्व अभिलेख के पंजीयन एवं वितरण प्रक्रिया तथा पट्टों की रजिस्ट्री के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने नागरिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में जनसामान्य की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं एवं जनसेवाओं की जानकारी प्रदान कर नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। शिविर में अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, पार्षद श्रीमती सीमा जयसवाल, राम नरेश शाह, अनुविभागीय अधिकारी सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, डिप्टी कमिश्नर श्री आर.पी. बैस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।












