बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

घायल यात्री को उठाने बीच रास्ते रुकी गोंडवाना एक्सप्रेस, रेलकर्मियों की तत्परता से समय पर मिली चिकित्सा सहायता

जबलपुर। रेलवे में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया। ट्रेन से गिरकर घायल हुए यात्री की सूचना मिलते ही गोंडवाना एक्सप्रेस को बीच रास्ते में रोककर उसे सुरक्षित ट्रेन में चढ़ाया गया। रेलकर्मियों की तत्परता से घायल यात्री को समय पर प्राथमिक उपचार मिला और जबलपुर स्टेशन पहुंचने के बाद उसे अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। परिजनों के अनुसार यात्री का ऑपरेशन हो चुका है और उसकी हालत अब ठीक है।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22182 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर गोंडवाना एक्सप्रेस सागर से जबलपुर की ओर आ रही थी। ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर चतर सिंह मीना को आधारताल स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक ने सूचना दी कि आधारताल और जबलपुर स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 995/21-19 के पास एक यात्री घायल अवस्था में पड़ा है।

सूचना मिलते ही चतर सिंह मीना ने बिना देरी किए चालक से ट्रेन को बताए गए स्थान पर रुकवाया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घायल यात्री को सुरक्षित तरीके से ट्रेन के ब्रेक वैन में चढ़ाया। इसके बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। साथ ही जबलपुर स्टेशन के पंक्चुअलिटी स्टाफ को यात्री की स्थिति की जानकारी देकर स्टेशन पहुंचने पर आवश्यक चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए समन्वय किया गया।

घायल यात्री की पहचान 22 वर्षीय सुजीत कुमार पटेल, निवासी दुर्गा चौक, कटनी के रूप में हुई। बताया गया कि वह जबलपुर से कटनी की यात्रा कर रहे थे। किसी कारण से ट्रेन से गिरने के बाद वह रेलवे ट्रैक के पास घायल हालत में पड़े थे। समय रहते रेलकर्मियों को इसकी जानकारी मिलने से उनकी मदद के लिए तत्काल कार्रवाई की गई।

जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मचारियों ने समन्वय के साथ घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। रेलवे स्टाफ ने यात्री के परिजनों से भी संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी। बाद में परिजनों ने बताया कि सुजीत कुमार पटेल का ऑपरेशन हो चुका है और उनकी वर्तमान स्थिति ठीक है।

रेलवे कर्मचारियों की इस तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है। चतर सिंह मीना की समय पर की गई कार्रवाई तथा जबलपुर स्टेशन पर वाणिज्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी के समन्वित प्रयास से घायल यात्री को बिना समय गंवाए उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका। यह घटना आपात स्थिति में रेलकर्मियों की जिम्मेदारी और मानवीय दृष्टिकोण का उदाहरण बनी।

Author

Related Articles

Back to top button