बाल हितैषी पंचायत बनाने पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण
0 से 6 वर्ष के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर

सिंगरौली। 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत देवसर के सभागार में सरपंचों, सचिवों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री प्रणव पाठक की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में पीरामल फाउंडेशन एवं कैवल्या एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से नींव कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुआ। जनपद अध्यक्ष श्री प्रणव पाठक ने पंचायत प्रतिनिधियों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा को पंचायत की प्राथमिकता बनाने तथा प्रत्येक माह इन विषयों पर बैठक कर समीक्षा करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को बाल स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा एवं बाल अधिकारों की जानकारी दी गई।
इस दौरान पंचायत मैनेजमेंट यूनिट के गठन एवं प्रत्येक माह पंचायत स्तर पर बैठक आयोजित कर बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं विकास की समीक्षा तथा आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ करने एवं अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण में सरपंच, सचिव एवं पंचायत प्रतिनिधियों सहित पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












