बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज वैढ़न की क्लास में अचानक छात्राओं के ऊपर गिरा सीलिंग फैन, दो घायल; जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

सिंगरौली/बैढ़न। सिंगरौली जिले के प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बीए तृतीय वर्ष की कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक सीलिंग फैन नीचे गिर गया। हादसे की चपेट में आने से कक्षा में बैठी दो छात्राएं घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए बैढ़न स्थित जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल छात्रा शबनम खातून ने बताया कि वह अन्य छात्राओं के साथ क्लास रूम में बैठी हुई थी। इसी दौरान अचानक सीलिंग फैन नीचे आ गिरा। पंखे का मोटर वाला हिस्सा सीधे उसके सिर पर गिरा, जबकि पंखे के ब्लेड भी उसके सिर से टकराए। अचानक हुए हादसे से कक्षा में मौजूद छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई।

शबनम के साथ सत्यवती शाह नाम की छात्रा भी कक्षा में बैठी थी। पंखे के ब्लेड की चपेट में आने से सत्यवती के सिर में भी चोट लगी। हादसे के तुरंत बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और दोनों घायल छात्राओं को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।

घटना के संबंध में कॉलेज के एक प्रोफेसर ने बताया कि संभव है कि पंखा लगाते समय उसे ठीक तरीके से कसकर फिट नहीं किया गया हो। इसी वजह से चलते समय उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। उन्होंने बताया कि दोनों छात्राओं को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। राहत की बात यह है कि हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

कक्षा के बीच पंखा गिरने की घटना के बाद कॉलेज भवन में लगी अन्य सीलिंग फैन की फिटिंग और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए भवन में लगे विद्युत उपकरणों और पंखों की जांच कराने की जरूरत बताई जा रही है।
हादसे में लापरवाही किस स्तर पर हुई, पंखे की फिटिंग की जांच किसने की थी और इसके लिए जिम्मेदारी तय होगी या नहीं, इसे लेकर फिलहाल कॉलेज प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। छात्रों और अभिभावकों ने मांग की है कि घटना की जांच कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कॉलेज भवन के सभी पंखों और अन्य उपकरणों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित की जाए।

Author

Related Articles

Back to top button