ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बगदरी में बिना डिग्री और लाइसेंस के क्लीनिक संचालन का आरोप, बच्चों को भर्ती कर इलाज करने का मामला आया सामने

सिंगरौली/दूधमनिया। सिंगरौली जिले के दूधमनिया तहसील अंतर्गत ग्राम बगदरी में एक निजी क्लीनिक के कथित रूप से बिना आवश्यक अनुमति और चिकित्सकीय दस्तावेजों के संचालन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर पटेल नामक व्यक्ति द्वारा संचालित क्लीनिक में छोटे बच्चों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। सामने आए वीडियो में कथित रूप से दो माह से लेकर करीब एक वर्ष तक की उम्र के बच्चों को क्लीनिक में भर्ती कर इलाज किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्लीनिक में बच्चों और अन्य मरीजों को भर्ती करने के साथ दवाइयां भी दी जा रही हैं। जब संचालक से चिकित्सकीय योग्यता और क्लीनिक में मरीजों को भर्ती कर इलाज करने के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने स्वयं को प्राथमिक चिकित्सा देने वाला बताया। हालांकि, पूछे जाने पर संबंधित डिग्री या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
मामले में एक और गंभीर आरोप दवाओं के वितरण से जुड़ा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि क्लीनिक में बिना स्पष्ट ड्रग लाइसेंस विवरण के मरीजों को दवाइयां दी और वितरित की जा रही हैं। आरोपों के बाद क्लीनिक में इलाज और दवाओं के वितरण की वैधता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों को भर्ती कर उपचार किए जाने के कारण यह मामला विशेष रूप से संवेदनशील है। उनका कहना है कि यदि संबंधित व्यक्ति के पास निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता, पंजीयन और क्लीनिक संचालन की आवश्यक अनुमति नहीं है तो स्वास्थ्य विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।

स्थानीय स्तर पर इस मामले की शिकायत के बाद अब लोगों की नजर सिंगरौली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की कार्रवाई पर है। मांग की गई है कि क्लीनिक के दस्तावेज, चिकित्सकीय योग्यता, मरीजों को भर्ती करने की अनुमति और दवाओं के भंडारण व वितरण से जुड़े लाइसेंस की जांच कराई जाए। जांच के बाद यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि बिना अधिकृत चिकित्सा व्यवस्था के इलाज के कारण मरीजों, विशेषकर छोटे बच्चों की सुरक्षा से समझौता न हो।

Author

Related Articles

Back to top button