शिक्षा की राह को रफ्तार देने दौड़ा हिंडालको महान, मैराथन में 5 से 58 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

सिंगरौली/महन। शिक्षा, कौशल विकास, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक सहभागिता का संदेश लेकर हिंडालको महान में कैटेलिस्ट कार्निवल लर्निंग फेस्ट-2026 के तहत मैराथन-2026 का आयोजन किया गया। हिंडालको आवासीय खेल परिसर में शाम 6 बजे आयोजित इस मैराथन में 5 से 58 वर्ष तक के बच्चों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, अधिकारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शाम के समय आयोजित दौड़ ने पूरे खेल परिसर को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
मैराथन को हिंडालको महान के इकाई प्रमुख लिनू पंचमन, स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार और पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अलग-अलग आयु वर्ग में आयोजित दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस के साथ निरंतर सीखने और खुद को बेहतर बनाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘लर्न टू अर्न’ अभियान से जोड़ना रहा। प्रतिभागियों को तीन माह के कौशल विकास पाठ्यक्रम को पूरा करने और नई दक्षताएं विकसित कर अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि बदलते दौर में लगातार सीखना और नए कौशल हासिल करना व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
मैराथन के दौरान एडब्ल्यूओओ फाउंडेशन की छात्रवृत्ति पहल के बारे में भी जानकारी दी गई। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में सहयोग के लिए स्वैच्छिक वित्तीय अंशदान के माध्यम से इस पहल से जुड़ने का आह्वान किया गया। आयोजन के जरिए प्रतिभागियों को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विभिन्न आयु वर्गों में हुई दौड़ में प्रतिभागियों ने अपना दमखम दिखाया। 5 से 8 वर्ष बालक वर्ग में अंश यादव प्रथम, अनीश प्रताप सिंह द्वितीय और दीपांशु तृतीय रहे। बालिका वर्ग में धात्री प्रथम, कियारा द्वितीय और अद्विका अग्रवाल तृतीय रहीं। 8 से 12 वर्ष बालक वर्ग में नैत्विक प्रथम, व्रुशांक द्वितीय तथा अनीश कुमार और रणवीर संयुक्त रूप से तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अद्विका प्रथम, कृतिका द्वितीय और नविका तृतीय रहीं।
12 से 18 वर्ष बालक वर्ग में समीर धाकड़ प्रथम, आरव द्वितीय और आकाश शाह तृतीय रहे। बालिका वर्ग में साक्षी प्रथम, भाव्या द्वितीय और मिली तृतीय रहीं। 18 से 35 वर्ष पुरुष वर्ग में विपिन प्रथम, अभिषेक द्वितीय और उत्कर्ष तृतीय रहे। महिला वर्ग में ललिता प्रथम, मीना द्वितीय और स्वाति तृतीय रहीं।
35 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में प्रदीप पाल प्रथम, संजय सिंह द्वितीय और मुनीबराम तृतीय रहे। इसी आयु वर्ग के महिला वर्ग में श्वेता प्रथम, चंद्रकली द्वितीय और जिनू पाठक तृतीय रहीं।
समापन अवसर पर लिनू पंचमन, एस. शशि कुमार और प्रांजल पाठक ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। वित्त प्रमुख रोहित मतेती सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। मानसी महिला मंडल की सदस्यों और आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल के शिक्षकों ने भी मैराथन में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मानव संसाधन विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैराथन-2026 ने खेल गतिविधि को शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए निरंतर सीखने तथा बेहतर भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।











