भाषण और चित्रकला में गूंजा ‘मेरे सपनों का भारत’, विद्यार्थियों ने दिखाई विकसित भारत की कल्पना

सिंगरौली/चितरंगी। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और चित्रों के माध्यम से विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. रविंद्र सिंह मुख्य अतिथि, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह अध्यक्ष और डीसी निर्भय सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से उनमें सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास के प्रति जागरूकता बढ़ती है। विद्यालय के प्राचार्य जगजीवन भारती ने स्कूल की आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र भी मुख्य अतिथि को सौंपा। कार्यक्रम में शिक्षक, अतिथि शिक्षक और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।












