बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलटी कैलाश बस, एक की मौत

करीमाटी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, बस में सवार करीब 35 यात्रियों में कई घायल, एक यात्री का पैर टूटा

सरई। सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी के आगे परासी के समीप करीमाटी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीधी से भुईमाड़ की ओर जा रही कैलाश बस क्रमांक एमपी 53 जेडजी 8127 बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

 

हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है तथा वह बंजारी गांव का निवासी बताया जा रहा है।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। बस के अचानक पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है।

वहीं एक यात्री का पैर टूट गया, जबकि बस के परिचालक के पैर में भी चोट आई है। अन्य यात्रियों को भी चोटें आने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि कैलाश बस शनिवार दोपहर करीब 3 बजे सीधी से रवाना हुई थी और टिकरी, निगरी, निवास तथा महुआ गांव होते हुए बंजारी के रास्ते भुईमाड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान बंजारी से आगे परासी के समीप करीमाटी गांव में अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना पुलिस एवं प्रशासन को दे दी गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। खबर लिखे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल पर ही था। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button