एशियन गेम्स में भारत का पदक खाता खुला, महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता रजत

नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स-2026 में भारत ने निशानेबाजी के जरिए अपना पहला पदक हासिल किया। महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा विनोद की भारतीय तिकड़ी ने रजत पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने 1898.0 अंक जुटाए और दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 1904.2 अंकों के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मेजबान जापान 1897.1 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहा।
भारत की ओर से सोनम उत्तम मस्कर ने 634.1 अंक के साथ सर्वाधिक स्कोर किया। एलावेनिल वलारिवन ने 633.5 और विदर्शा विनोद ने 630.4 अंक हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ सोनम और एलावेनिल ने महिला 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बनाई।
यह एशियन गेम्स-2026 में भारत का पहला हासिल किया गया पदक रहा। इससे पहले महिला पारंपरिक एमएमए के 60 किलोग्राम वर्ग में सुचिका तारियाल सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक सुनिश्चित कर चुकी थीं।
भारतीय महिला निशानेबाजी टीम की इस उपलब्धि के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।
संपादकीय अपडेट: इसी दिन एलावेनिल वलारिवन ने महिला 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक जीता, जिससे उनके खाते में एक ही दिन दो रजत पदक हो गए।













