ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, महिला-बच्ची समेत दो की मौत; 19 घायल

डेडलाइन : मंदसौर। मंदसौर जिले के दलोदा थाना क्षेत्र के लखमा खेड़ी गांव के पास शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 मजदूर घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि सभी मजदूर रतलाम जिले के रोटी क्षेत्र के रहने वाले थे और रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के काम से मजदूरी कर लौट रहे थे। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उज्जैन जा रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क पर पलट गई और कई मजदूर उसके नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही दलोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान बसंती बाई और छह वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीएम एकता जायसवाल भी जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 19 लोग घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













