देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गणपति पंडाल के पास करंट फैला, 8 साल की बच्ची समेत दो की मौत; चार घायल

मुंबई। मुंबई के लालबाग-कालाचौकी इलाके में गणपति पंडाल के पास रविवार तड़के करंट फैलने से 8 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा दत्ताराम लाड मार्ग स्थित कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास करीब 2:20 बजे हुआ। घटना के समय गणपति दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतार में मौजूद थे।

बताया गया कि पंडाल के पास अस्थायी पानी और शीतल पेय स्टॉल के लिए बिजली की व्यवस्था की गई थी। इसी स्थान के आसपास करंट फैलने से लोग इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बीईएसटी और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति बंद कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मसीना अस्पताल में 8 वर्षीय रागिनी घनश्याम यादव को मृत घोषित किया गया, जबकि ग्लोबल अस्पताल में भर्ती 33 वर्षीय सुजाता ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल किरण नाइक, तन्वी हांडे और साहिल तारे की हालत स्थिर बताई गई है, जबकि 12 वर्षीय रूही सिंह को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है।

प्रारंभिक जांच में अस्थायी बिजली मीटर, वायरिंग और एमसीबी से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा इंतजामों में संभावित चूक को लेकर जांच शुरू कर दी है। मृत बच्ची के परिजनों ने पंडाल क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Author

Related Articles

Back to top button