देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, माता-पिता के साथ 20 वर्षीय बेटी ने भी गंवाई जान

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार रात पति-पत्नी और उनकी 20 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान 59 वर्षीय अशोक शर्मा, उनकी 52 वर्षीय पत्नी इंद्रा शर्मा और 20 वर्षीय बेटी दीक्षा शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों ने सल्फास की गोलियां पानी में मिलाकर पी थीं। घटना रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। तीनों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं।

सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। बताया गया कि घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी घर में मौजूद था। वह जयपुर में रहता है और करीब दो दिन पहले ही अजमेर आया था। परिवार की बहू फिलहाल अपने मायके गई हुई थी। अशोक शर्मा फर्नीचर का काम करते थे।

परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत के पीछे क्या कारण रहा, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आर्थिक स्थिति और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सुसाइड नोट मिला या नहीं और जहरीले पदार्थ का सेवन किन परिस्थितियों में किया गया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Author

Related Articles

Back to top button