तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू पुल की रेलिंग तोड़कर निर्माणाधीन साइट में गिरी, तीन युवकों की मौत; एक गंभीर

मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के करीब 5:20 बजे तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू भीषण हादसे का शिकार हो गई। कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी और लोटस जेट्टी के पास चालक के नियंत्रण खोने के बाद पुल की बाहरी रेलिंग से टकराकर नीचे निर्माणाधीन पार्किंग साइट में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
हादसे के बाद चारों घायलों को तत्काल नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धीर्या सेठ की पहचान हुई है, जबकि तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। करीब 20 वर्षीय एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। हादसे की तस्वीरें और सीसीटीवी फुटेज भी जांच का हिस्सा हैं। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी और दुर्घटना के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं था।













