देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस हादसे में चार की मौत, सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही थी एंबुलेंस

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, सूबेदार मेजर के बेटे और चालक की मौके पर मौत; दो परिजनों ने अस्पताल में तोड़ा दम

सुलतानपुर। चंडीगढ़ से सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 पर अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एंबुलेंस सवार सूबेदार मेजर के पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:15 बजे एंबुलेंस संख्या टी0626एचआर7553बीजे से सूबेदार मेजर सत्यवान, निवासी गैला दुधिला, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में उनके पुत्र गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल भी सवार थे।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 79.6 के पास अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को उपचार के लिए पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। एक साथ चार मौतों की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button