देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

भारत-स्विस साझेदारी के तीन मजबूत स्तंभ इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी : पीएम मोदी

हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन के बीच अहम बैठक, व्यापार, निवेश, रक्षा और परमाणु ऊर्जा सहयोग पर बनी सहमति

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय परमेलिन के बीच सोमवार को हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, विज्ञान, तकनीक, नवाचार, रक्षा, परमाणु ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। यह बैठक परमेलिन की तीन दिवसीय भारत यात्रा का हिस्सा है और भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ के मौके पर हो रही है।

बैठक के बाद संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और स्विट्जरलैंड के संबंधों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी दोनों देशों की साझेदारी के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश इस साझेदारी को नई गति और नई ऊंचाई देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते को भी अहम उपलब्धि बताया। इस समझौते में स्विट्जरलैंड के साथ आइसलैंड, लिकटेंस्टीन और नॉर्वे शामिल हैं। समझौता 1 अक्टूबर 2025 से लागू हुआ था।

रक्षा और परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर जोर

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने सैन्य आदान-प्रदान, रक्षा उत्पादन और रक्षा सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा की है। इसके साथ ही परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी है।

भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय निर्यात के लिए स्विट्जरलैंड में बाजार पहुंच बढ़ाने और दोनों देशों के बीच निवेश को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इससे कृषि, दवा, कपड़ा और इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वहीं जैव प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान, बैंकिंग, बीमा, खाद्य प्रसंस्करण और टिकाऊ विकास जैसे क्षेत्रों में स्विस निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने विज्ञान, तकनीक और नवाचार के साथ-साथ लोगों के बीच संपर्क और पेशेवरों की आवाजाही को बढ़ाने पर भी जोर दिया।

तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं परमेलिन

स्विस राष्ट्रपति गाय परमेलिन सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनसे मुलाकात की। यात्रा के दौरान परमेलिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और 7 अक्टूबर को दूसरे भारत-ईएफटीए समृद्धि सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

भारत और स्विट्जरलैंड के बीच यह उच्चस्तरीय वार्ता दोनों देशों के आर्थिक और तकनीकी संबंधों को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button