8 ट्रक एवं 1 मिनी बस के चालक शराब के नशे में पाये गये

वाहनों को जप्त कर यातायात पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पोल खोल सिंगरौली
शनिवार एवं रविवार की रात यातायात की पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थान निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना टै्रफिक तिराहा बैढ़न में चालको की विशेष चेकिंग किया, जहां 8 ट्रक चालक एवं 1 मिनी बस चालक नशे की हालत में पाये गये। यातायात पुलिस टीम ने वाहनों को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की है।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 व 12 अक्टूबर को मध्य रात्रि में अलग-अलग टीम लगाया जाकर शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना ट्रैफिक तिराहा पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की चेकिंग की गई, चेकिंग के दौरान लगभग 57 वाहनों को चेक किया गया एवं समझाइस दी गई थी।
शराब या अन्य कोई मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है एवं वाहन पर समुचित नियंत्रण नहीं हो पाता, जिस कारण से दुर्घटनाएं घटित हो जाती हैं। 8 ट्रक व 1 मिनी बस वाहन का चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहनों को जप्त कर निराकरण के लिए न्यायालय पेश किया जाएगा।
वहीं शराब के नशे में धुत्त मिले चालको के खिलाफ न्यायालय के आदेशानुसार 6 महीने के लिए वाहन ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन कराए जाने के लिए प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय में भेजा जाएगा। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, सउनि सवालिया रावत, आर प्रवेश, रामाशीष एवं जितेंद्र अन्य यातायात पुलिस स्टाफ का योगदान रहा













