राष्ट्रीय एकता दिवस पर विधायक रामनिवास शाह ने दिलाई एकता की शपथ
राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साह से लिया हिस्सा

सिंगरौली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें विधायक रामनिवास शाह, प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पार्षद सीमा जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।













