सिंगरौली के 499 वंचित किसानों को मिली धान पंजीयन की अनुमति, 4 नवंबर तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

सिंगरौली:सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के उन किसानों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है, जो किसी कारणवश अब तक समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु अपना पंजीयन कराने से वंचित रह गए थे। क्षेत्र के 499 किसानों को धान पंजीयन कराने की विशेष अनुमति मिल गई है, जिससे अब वे भी सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ ले सकेंगे।
वंचित किसानों की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित प्रशासनिक एवं शासन स्तर पर निरंतर प्रयास किए गए, जिसके फलस्वरूप किसानों के हित में यह सकारात्मक आदेश जारी हुआ है। पंजीयन की अनुमति मिलने से क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर है।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि की ओर से सभी संबंधित 499 किसान भाई-बहनों से अपील की गई है कि वे 4 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से अपना धान पंजीयन पूरा करा लें। समय पर पंजीयन होने से कोई भी पात्र अन्नदाता समर्थन मूल्य पर धान बिक्री के लाभ से छूटने नहीं पाएगा।
किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और उनके हितों की रक्षा करना सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इस जनकल्याणकारी निर्णय और किसानों को दी गई इस महत्वपूर्ण राहत के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया है।











