सेकंड लायंस क्लब ओपन शतरंज प्रतियोगिता का भव्य समापन
122 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

सिंगरौली- शतरंज एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सेकंड लायंस क्लब ओपन शतरंज प्रतियोगिता का सेंफोर्ड स्कूल, बरगवां में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 122 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 21 अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (एफआईडीई) रेटेड खिलाड़ी शामिल रहे। सात चक्रों में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी शतरंज प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक लायंस क्लब विद्युत विहार रहे, जबकि सेंफोर्ड स्कूल, बरगवां और एस. स्क्वायर चेस एकेडमी ने सह-प्रायोजक के रूप में सहयोग दिया। प्रतियोगिता में वाराणसी, प्रयागराज, भदोही, झारखंड, रेणुकूट और सिंगरौली सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। स्कूली विद्यार्थियों से लेकर कॉलेज के छात्र-छात्राओं, अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों तथा एनसीएल, हिंडाल्को और एनटीपीसी से जुड़े खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कुल 427 मुकाबले खेले गए।
मुख्य वर्ग में आर्यन वर्मा ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के मुख्य वर्ग में उत्तर प्रदेश के आर्यन वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। रेणुकूट के हिंडाल्को से जुड़े लक्ष्य मौर्य दूसरे और सिंगरौली के ऋषभ गोराई तीसरे स्थान पर रहे। वेटरन वर्ग में डॉ. किशोरी लाल वर्मा, महिला वर्ग में रश्मि गुप्ता तथा दिव्यांग वर्ग में भरत कुमार मल्लाह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में अंडर-17 बालक वर्ग में दीक्षांत कुमार, अंडर-17 बालिका वर्ग में अर्पिता, अंडर-13 बालक वर्ग में वैभव यादव, अंडर-13 बालिका वर्ग में स्तुति द्विवेदी, अंडर-11 बालक वर्ग में तेजस यादव, अंडर-9 बालक वर्ग में शौर्य यादव तथा अंडर-9 बालिका वर्ग में स्वरा माथुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
स्कूल चैंपियनशिप में आदित्य बिरला इंटर कॉलेज प्रथम
स्कूल चैंपियनशिप में आदित्य बिरला इंटर कॉलेज, रेणुकूट ने पहला स्थान हासिल किया। क्राइस्ट ज्योति स्कूल दूसरे और डीपीएस विंध्यनगर तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, स्मृति चिह्न, पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आर्बिटर और आयोजन समिति का रहा विशेष योगदान
प्रतियोगिता का संचालन एफआईडीई आर्बिटर अमन कुमार गुप्ता ने किया। नेशनल आर्बिटर आदित्य कुमार गुप्ता ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी श्रीमती भूमिका माथुर ने संभाली। खिलाड़ी प्रबंधन में लायंस क्लब के सदस्यों और सिंगरौली शतरंज एसोसिएशन के सचिव सर्वेश कुमार सिंह का विशेष योगदान रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि लायन समीर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि लायन गौरव केसरी, सत्य प्रकाश सिंह, आनंद अग्रवाल, नटवर दास अग्रवाल, पंकज सिंह, श्याम सिंह, विनोद शाह और सुभाष वैश्य उपस्थित रहे। लायन समीर कुमार सिंह के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई गई। सेंफोर्ड स्कूल में प्रतियोगिता के आयोजन के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
सिंगरौली में एफआईडीई रेटिंग टूर्नामेंट कराने का प्रयास
सिंगरौली शतरंज एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष श्रीमती वसुंधरा हिम्मतराम ने अगले महीने एक और भव्य शतरंज प्रतियोगिता आयोजित करने की जानकारी दी। वहीं, एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुणेंद्र अवधिया ने बताया कि ऑल इंडिया चेस फेडरेशन से चर्चा कर जल्द ही सिंगरौली में एफआईडीई रेटिंग टूर्नामेंट आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक शतरंज में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।











