छठ पर्व की तैयारियां शुरू, तेलगवां में छठ घाट की सफाई में जुटे पार्षद

सिंगरौली। आगामी छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 36 तेलगवां में छठ घाट तालाब की साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया है। कांग्रेस पार्षद प्रेम सागर मिश्रा की पहल पर जेसीबी मशीन और नगर निगम के सफाई मित्रों की मदद से तालाब एवं छठ घाट के आसपास सफाई कराई जा रही है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
छठ पर्व को लेकर वार्ड में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने वार्डवासियों के साथ मिलकर घाटों के आसपास स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने की पहल की है। सफाई अभियान के तहत तालाब में जमा गंदगी हटाने के साथ आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि आगामी दिनों में नगर निगम के सहयोग से वार्ड के छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान जारी रहेगा। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्ड में स्वच्छता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। छठ पर्व को देखते हुए सफाई अभियान शुरू कराया गया है और आगे भी इस तरह की पहल जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में छठ पूजा कर सकें।











