उत्तर प्रदेश छात्र संसद में सिंगरौली की प्रगति पांडेय ने किया जिले का प्रतिनिधित्व

सिंगरौली। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नंदिनी नगर में 2 और 3 नवंबर 2026 को आयोजित उत्तर प्रदेश छात्र संसद 2026 एवं ‘प्राइड ऑफ इंडिया अवॉर्ड’ समारोह में सिंगरौली जिले की प्रगति पांडेय ने सहभागिता कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं और प्रतिभागियों को विचारों के आदान-प्रदान तथा अनुभवी व्यक्तित्वों से संवाद का अवसर मिला।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान प्रगति पांडेय ने उनसे मुलाकात कर उनके जीवन संघर्ष, अनुभवों और सार्वजनिक जीवन की यात्रा के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में उन्होंने गोंडा के सांसद करण भूषण सिंह से भी मुलाकात की और उनके विचारों एवं अनुभवों को जाना। कार्यक्रम में माला राज्यलक्ष्मी सिंह का नाम भी प्रमुख रूप से जुड़ा रहा।
प्रगति पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश छात्र संसद जैसे आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंचों पर अनुभवी एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है। उनके जीवन संघर्षों और अनुभवों से युवाओं को नई सीख मिलती है, जो भविष्य की दिशा तय करने में सहायक होती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरणा मिलती है। सिंगरौली की प्रगति पांडेय की इस सहभागिता को जिले के युवाओं के लिए एक प्रेरक अवसर के रूप में देखा जा रहा है।











