नक्सली हिंसा से सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को हुआ: प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि नक्सली हिंसा ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज को पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि दशकों तक माओवादी और नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से दूर रखा गया, लेकिन अब इन इलाकों में बदलाव दिखाई देने लगा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवाद और नक्सलवाद से प्रभावित थे। हर साल हिंसा की सैकड़ों घटनाएं होती थीं और हजारों निर्दोष लोगों की जान जाती थी। इनमें बड़ी संख्या जनजातीय समाज के लोगों की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों के समय प्रभावित परिवारों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया था। जनजातीय लोगों को मतदान तक नहीं करने दिया जाता था और माओवादी गरीब परिवारों के बच्चों तथा बेटियों को जबरन अपने साथ ले जाते थे।
मोदी ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद जनजातीय क्षेत्रों में उम्मीद और विकास का नया माहौल बना है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता उन परिवारों तक तेजी से सुविधाएं पहुंचाना है, जो आजादी के बाद लंबे समय तक विकास से वंचित रहे। देश में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं, 18 हजार से अधिक गांवों तक बिजली पहुंचाई गई है और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा देशभर में 1 लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने आकांक्षी जिलों और आकांक्षी ब्लॉकों में चलाए जा रहे विकास अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों में किसानों, गरीब परिवारों और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी जिन क्षेत्रों में जाने से लोग डरते थे, वहां अब विकास और उम्मीद की रोशनी पहुंच रही है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी का होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है।













