अखिलेश के आगरा दौरे से पहले पोस्टर विवाद, दलित सम्मेलन पर ब्रजेश पाठक ने उठाए सवाल

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगरा दौरे से पहले शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। रविवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित सम्मेलन की तैयारियों के बीच अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ कुछ स्थानों पर विवादित पोस्टर लगाए गए। इसकी जानकारी मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और मौके पर पहुंचकर पोस्टर उतार दिए तथा फाड़ दिए।
समाजवादी पार्टी इस सम्मेलन के जरिए दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करने और पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण को धार देने की कोशिश में है। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के शामिल होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से दलित समाज के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है।
इधर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया के माध्यम से सपा के दलित सम्मेलन पर सवाल उठाए। उन्होंने दलित नेतृत्व को पार्टी में मिलने वाली भागीदारी और प्रतिनिधित्व पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि दलित समाज के सम्मान और अधिकारों की बात करने वाली सपा के स्वागत कार्यक्रम में दलित नेताओं की मौजूदगी क्यों नहीं दिखाई दी।
पाठक ने दावा किया कि खेरिया एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के स्वागत के लिए सामने आई सपा नेताओं की सूची में एक भी दलित नेता का नाम नजर नहीं आया। उन्होंने सवाल किया कि क्या दलित समाज की भागीदारी केवल सम्मेलनों के मंच और भाषणों तक सीमित है? उन्होंने अखिलेश यादव से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।
उपमुख्यमंत्री ने सपा के पूर्ववर्ती शासनकाल को लेकर भी दलित समाज पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया। इस तरह अखिलेश यादव के आगरा दौरे से पहले पोस्टर विवाद और दलित सम्मेलन को लेकर भाजपा-सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।













