मुंबई के कारोबारी से डी-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

मुंबई। मुंबई में एक कारोबारी से कथित तौर पर डी-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कारोबारी मोहम्मद फारूक मोहम्मद हनीफ शेख ने मुंबई पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत में बिल्डर रिजवी की पत्नी रुबीना रिजवी और रियाज भाटी का नाम शामिल है। कारोबारी के अनुसार, रुबीना ने उनसे रिजवी के अग्रिम जमानत मामले में वकील की फीस और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को लेकर संपर्क किया था। कारोबारी ने यह मामला अपने परिचित अधिवक्ता को सौंपा था। आरोप है कि अधिवक्ता ने हाईकोर्ट से अंतरिम राहत दिलवाई, लेकिन तय फीस का भुगतान नहीं किया गया।
कारोबारी का कहना है कि 19 सितंबर को रुबीना ने उन्हें खार स्थित अपने घर बुलाया था। 25 सितंबर को एनओसी को लेकर फिर संपर्क किया गया। इसी दौरान फीस के मुद्दे पर विवाद हो गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद रुबीना ने 4 से 5 लोगों को फोर्ट स्थित अधिवक्ता के कार्यालय भेजा। इन लोगों ने कथित तौर पर वकील को धमकाया और एनओसी देने का दबाव बनाया।
शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर को रियाज भाटी कारोबारी के फोर्ट स्थित होटल हेवन पहुंचा। उसने खुद को डी-कंपनी का सदस्य बताते हुए कहा कि उसे रुबीना ने भेजा है। आरोप है कि उसने एनओसी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी और मामला खत्म करने के बदले 5 करोड़ रुपये मांगे।
कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि रियाज उन्हें जबरन होटल से नीचे ले गया और रुबीना के घर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद वह वहां से निकल सके। शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर को रुबीना ने फोन कर डी-कंपनी से संबंध होने की बात कही और एनओसी नहीं देने पर हत्या कराने की धमकी दी।
कारोबारी ने पुलिस से फोन कॉल, संदेश और सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खुद और परिवार को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा भी मांगी है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने रुबीना रिजवी को नोटिस जारी कर 17 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के नतीजे सामने आना बाकी हैं।













