जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या
आरोपियों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा और सड़क जाम

सिंगरौली:जिले के जयंत चौकी क्षेत्र के अंतर्गत देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद के बाद एक युवक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सेक्टर-बी जयंत निवासी भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों व स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
ओवरटेक और पार्किंग विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक भूपेंद्र सिंह देर रात एक बर्थडे पार्टी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जयंत चौकी क्षेत्र में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। इसके अलावा, कोयला वाहनों की पार्किंग से जुड़ी कथित वसूली को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। इसी रंजिश और कहासुनी के बीच उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

चौकी के सामने शव रखकर सड़क जाम, एनकाउंटर और बुलडोजर की मांग
घटना के विरोध में बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों और परिजनों ने जयंत चौकी के सामने शव रखकर सड़क के दोनों ओर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी पिछले कई घंटों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मांग है कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके अवैध घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।
मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि आरोपियों ने एसईसीएल (SECL) की जमीन पर अवैध रूप से घर बना रखे हैं, जिन्हें प्रशासन तुरंत गिराए। साथ ही उन्होंने जयंत चौकी प्रभारी को हटाने की भी मांग की है।
जिला बदर आरोपी के खुलेआम घूमने पर उठे सवाल
परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हत्या के मामले में शामिल एक मुख्य आरोपी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई चल रही थी, इसके बावजूद वह जयंत इलाके में खुलेआम घूम रहा था और उसने इस बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद, दो लोग हिरासत में
इस मामले में बनौली निवासी सागर वर्मा पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। चर्चा है कि आरोपी भाजपा जयंत मंडल अध्यक्ष का भतीजा है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) हेमंत कुमार ने बताया कि एक दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूछताछ के लिए दो लोगों को थाने में बैठाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की असल वजह और अन्य संलिप्त लोगों की जांच की जा रही है, तथा मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।










