हरिहर तालाब के रिनोवेशन कार्य को तीन माह में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के आयुक्त ने दिए निर्देश
अमृत योजना 2.0 के पाइपलाइन कार्य में आ रही बाधाओं का एनसीएल प्रबंधन से समन्वय कर करें निराकरण

सिंगरौली। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं सार्वजनिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने हरिहर तालाब में कराए जा रहे रिनोवेशन कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि तालाब के रिनोवेशन का संपूर्ण कार्य निर्धारित तीन माह की समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि तालाब में वर्तमान में भरे पानी को चार से पांच मोटर पंप लगाकर शीघ्र खाली कराया जाए, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने में कोई बाधा न आए। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत लाइटिंग, सीढ़ियों सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्यों को व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिहर तालाब का रिनोवेशन पूर्ण होने से शहरवासियों को एक बेहतर विकसित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। इससे नागरिकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक वातावरण मिलने के साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात आयुक्त श्रीमती प्रधान ने वार्ड क्रमांक 26 के लिए अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत बिछाई जा रही पाइपलाइन के कार्य का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के कार्य में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनसीएल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराया जाए, ताकि पाइपलाइन बिछाने का कार्य बिना अनावश्यक विलंब के पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अतः पेयजल आपूर्ति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए, जिससे संबंधित वार्ड के नागरिकों को योजना का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, प्रभारी सहायक यंत्री अनुज सिंह, उपयंत्री विपिन तिवारी सहित संबंधित संविदाकार उपस्थित रहे।










