चार बार नोटिस के बाद भी जवाब संतोषजनक नहीं, प्राथमिक शिक्षिका की सेवा समाप्त
सिंगरौली। लंबे समय तक बिना सूचना और अवकाश स्वीकृति के विद्यालय से अनुपस्थित रहने तथा पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक शिक्षिका पूनम माहौर की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी के अनुसार, पूनम माहौर शासकीय प्राथमिक विद्यालय पोंड़ीपाठ, संकुल केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिन्दुल में पदस्थ थीं। उनके लंबे समय तक अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायतों पर विभाग की ओर से समय-समय पर निरीक्षण कराया गया और प्रतिवेदन प्राप्त किए गए।
विभाग ने संबंधित शिक्षिका को अपना पक्ष रखने का अवसर देते हुए चार बार कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए थे। इसके बावजूद उनके प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। विभागीय अभिलेखों और निरीक्षण प्रतिवेदनों के परीक्षण के बाद अनधिकृत अनुपस्थिति, लापरवाही और अनुशासनहीनता के आधार पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की गई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, शैक्षणिक गुणवत्ता और विभागीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिक्षकों से नियमित उपस्थिति और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।










