मोरवा के 11 विस्थापित वार्डों में नगर निगम की परिसंपत्तियों का होगा संयुक्त सर्वे, आयुक्त ने तेज करने के दिए निर्देश
एनसीएल और नगर निगम के अधिकारी मिलकर करेंगे मूल्यांकन, प्रत्येक परिसंपत्ति का तैयार होगा विस्तृत विवरण

सिंगरौली। मोरवा जोन के विस्थापन से प्रभावित 11 वार्डों में नगर निगम की परिसंपत्तियों की पहचान, सर्वे और मूल्यांकन की प्रक्रिया तेज की जाएगी। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को नगर निगम सभागार में एनसीएल अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।आयुक्त ने निर्देशित किया कि नगर निगम और एनसीएल के अधिकारी आपसी समन्वय से संयुक्त सर्वे टीम गठित कर सभी 11 प्रभावित वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर सर्वे शुरू करें। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा किया जाए, ताकि विस्थापन से प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम की परिसंपत्तियों का वास्तविक और व्यवस्थित आकलन हो सके।
प्रत्येक परिसंपत्ति का तैयार होगा रिकॉर्ड
आयुक्त सविता प्रधान ने कहा कि सर्वे के दौरान संबंधित वार्डों में स्थित नगर निगम की प्रत्येक परिसंपत्ति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। इसमें परिसंपत्ति का प्रकार, स्थान, वर्तमान स्थिति, उपयोगिता तथा आवश्यक तकनीकी और वित्तीय जानकारी शामिल की जाएगी। उन्होंने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और तथ्यात्मक आधार पर संपन्न करने के निर्देश दिए, ताकि परिसंपत्तियों का वास्तविक मूल्यांकन सामने आ सके।उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद संकलित जानकारी की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत की जाए। रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम के हितों और परिसंपत्तियों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की प्रगति की समीक्षा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, उपयुक्त वित्त अनुपम द्विवेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी तथा एनसीएल के अधिकारी उज्ज्वल सिंह, अरविंद कुमार, आई.बी. प्रसाद और देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे।










