बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

आरएलआई विंध्याचल में प्रबंधकीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का शुभारंभ

एनटीपीसी के 6 परियोजनाओं के कार्यपालक ले रहे हिस्सा, ई6 से ई7 स्तर पर पदोन्नत अधिकारियों को नेतृत्व के लिए किया जाएगा तैयार

विंध्यनगर। एनटीपीसी के रीजनल लर्निंग इंस्टीट्यूट (आरएलआई) विंध्याचल में दो सप्ताह के ‘प्रबंधकीय क्षमता संवर्धन’ (ईएमसी) कार्यक्रम के प्रथम बैच का शुभारंभ हुआ। इसमें एनटीपीसी के उत्तरी क्षेत्र की विंध्याचल, सिंगरौली, रिहंद, टांडा, ऊंचाहार और मेजा परियोजनाओं के कार्यपालक हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन एनटीपीसी लिमिटेड के पूर्व निदेशक (परियोजनाएं) उज्ज्वल कांति भट्टाचार्य ने किया।

इस अवसर पर विंध्याचल के कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश, महाप्रबंधक (चिकित्सा) डॉ. बी.के. भराली, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम) निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (रसायन) टी.एन. सीतारामन, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम) सी.बी. ओझा, महाप्रबंधक (वीएसआर ओवरहॉलिंग) एच.पी. देवांगन तथा मानव संसाधन प्रमुख अनिरुद्ध सिंह उपस्थित रहे।

पदोन्नत कार्यपालकों को नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए तैयार करने पर जोर

अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने कहा कि ई6 से ई7 स्तर पर पदोन्नत होने वाले कार्यपालकों को व्यापक प्रबंधकीय दायित्वों और नेतृत्व की भूमिकाओं के लिए तैयार करने में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। उन्होंने एनटीपीसी के वैश्विक विस्तार में उज्ज्वल कांति भट्टाचार्य के योगदान का उल्लेख करते हुए बांग्लादेश में कंपनी की पहली अंतरराष्ट्रीय विद्युत परियोजना को साकार करने में उनकी भूमिका की सराहना की।

बदलते ऊर्जा परिदृश्य के अनुरूप नेतृत्व विकसित करने पर बल

मुख्य संबोधन में उज्ज्वल कांति भट्टाचार्य ने बदलते ऊर्जा परिदृश्य, ऊर्जा संक्रमण, हितधारकों की अपेक्षाओं और विकसित भारत की परिकल्पना पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय अस्थिरता, अनिश्चितता, जटिलता और अस्पष्टता से भरा है। ऐसे माहौल में अनुकूलनशीलता, निरंतर सीखने और मूल्य आधारित नेतृत्व की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा, “ईएमसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिवर्तन की दिशा में एक सार्थक हस्तक्षेप है।” उन्होंने यह भी कहा कि “असामान्य ही अब नया सामान्य है।”
रणनीतिक सोच, प्रबंधकीय उत्कृष्टता और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम एनटीपीसी की भावी नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में आरएलआई विंध्याचल की पहल है।

Author

Related Articles

Back to top button