त्योहार बाद फिर शुरू हुआ सड़क निर्माण

सिंगरौली। त्योहारों का सिलसिला समाप्त होते ही शहर में सड़क निर्माण कार्य फिर शुरू हो गया है। माजन मोड़ से राजीव चौक, इंदिरा चौक होते हुए नवजीवन विहार तक सड़क बनाने का काम दोबारा प्रारंभ कर दिया गया है। लंबे समय से निर्माण के चलते आवागमन में परेशानी झेल रहे लोगों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
निर्माण कार्य शुरू होने से नागरिकों में संतोष है, लेकिन सड़क की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनना जरूरी है, लेकिन निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से नियमित निरीक्षण करने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। यदि सड़क निर्माण में अनियमितता होती है तो इसकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
लोगों को उम्मीद है कि अधिकारी निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करेंगे और सड़क का काम बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।











