सौम्या मिश्रा को देवसर तहसीलदार की जिम्मेदारी
कलेक्टर ने जारी किया आदेश, 22 से 24 नवंबर तक प्रदीप सिंह संभालेंगे वैकल्पिक प्रभार

सिंगरौली/देवसर। प्रशासनिक कार्य व्यवस्था के तहत कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंकित अस्थाना ने देवसर तहसील में तहसीलदार के कार्यों के निर्वहन के लिए नया आदेश जारी किया है। इसके अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा को आगामी आदेश तक देवसर तहसीलदार का प्रभार सौंपा गया है।
कलेक्टर कार्यालय से 16 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 757/स्था./2026 के मुताबिक, प्रभारी तहसीलदार साक्षी गौतम के 10 नवंबर से चिकित्सीय अवकाश पर रहने के कारण यह व्यवस्था की गई है। सौम्या मिश्रा अब तहसील देवसर में तहसीलदार की जिम्मेदारी संभालेंगी।
आदेश के अनुसार, सौम्या मिश्रा के 22 से 24 नवंबर तक अवकाश पर रहने की अवधि में नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह तहसीलदार का कार्य संपादित करेंगे। इस दौरान वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ तहसीलदार के कार्यों का भी निर्वहन करेंगे।
जनपद पंचायत देवसर में भी रह चुकी हैं सीईओ
गौरतलब है कि सौम्या मिश्रा पूर्व में जनपद पंचायत देवसर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। अब उन्हें तहसील देवसर का प्रशासनिक प्रभार सौंपा गया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।













