बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

निर्माणाधीन हाईवे पर थार और पिकअप में टक्कर, चालक-सवारियां सुरक्षित

डिवाइडर के एक तरफ से दोनों दिशाओं का यातायात बना परेशानी, थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार

सिंगरौली। जियावन डांड में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्नालाल सोनी के घर के सामने थार और बोलेरो पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक और सवारियां बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर डिवाइडर के एक तरफ निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण दूसरी तरफ से ही दोनों दिशाओं के वाहनों की आवाजाही कराई जा रही है। इससे इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात को हादसे की वजह बताया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद थार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि बोलेरो पिकअप काफी देर तक सड़क के बीच खड़ी रही। इससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

सूचना मिलने पर जियावन पुलिस मामले की जांच में जुट गई। निर्माणाधीन हाईवे पर एक ही तरफ से दोनों दिशाओं का यातायात संचालित होने के कारण सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। नागरिकों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से उचित संकेतक, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button