जल संचय अभियान के तहत गोभा के तुर्रा नाला पर हुआ बोरी बंधान
नर्मदा सेवा समिति की पहल से जल संरक्षण और ग्रामीण उपयोग के लिए किया गया कार्य

सिंगरौली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद सिंगरौली के नेतृत्व में नवांकुर संस्था नर्मदा सेवा समिति द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोभा के तुर्रा नाला पर बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति की अध्यक्ष प्रीता गुर्जर की अगुवाई में हुए इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत की सरपंच सुनीता बैश उपस्थित रहीं। इस दौरान पंचायत सचिव रामनारायण वैश्य, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा, माड़ा सेक्टर के कार्यक्रम समन्वयक जग प्रसाद विश्वकर्मा, श्रीनिवास श्रीवास्तव और परामर्शदाता रिनू शर्मा सहित वरिष्ठ ग्रामीणजन एवं महिलाएं मौजूद रहीं।
तुर्रा नाला पर बोरी बंधान का कार्य जल संरक्षण के उद्देश्य से किया गया। इसके माध्यम से वर्षा के पानी को रोककर संरक्षित करने और भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। संचित जल का उपयोग पशु-पक्षियों एवं मवेशियों के पीने, कृषि कार्यों तथा अन्य ग्रामीण जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।
आयोजकों ने बताया कि जल संरक्षण के ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता बढ़ाने और प्राकृतिक जलस्रोतों को सुरक्षित रखने में सहयोग मिलेगा।













