बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

जबलपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव

कीर्तन दरबार में गूंजे गुरुवाणी के स्वर, अमृतसर और आनंदपुर साहिब से आए रागी जत्थों ने बांधा समां

जबलपुर। सिख धर्म के संस्थापक और मानवता, समानता, प्रेम, शांति एवं भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को जबलपुर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सदर स्थित शिवाजी स्टेडियम के सामने बिरमानी पेट्रोल पंप के पास मुरगी मैदान में भव्य कीर्तन दरबार आयोजित किया गया। इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। संगत ने गुरुवाणी का श्रवण कर गुरु चरणों में शीश नवाया।

रागी जत्थों और विद्वानों ने दी प्रस्तुतियां

कीर्तन दरबार में स्वर्ण मंदिर श्री दरबार साहिब, अमृतसर के प्रसिद्ध हुजूरी रागी जत्थे के भाई गुरप्रीत सिंह और उनके साथियों ने मधुर गुरुवाणी तथा शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी। वहीं, तख्त श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब से पहुंचे ज्ञानी सरबजीत सिंह ने गुरुवाणी मीमांसा, भजन और काव्यपाठ के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डाला। शबद कीर्तन के दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

सेवादारों का सम्मान, दिनभर चला अटूट लंगर

समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ गुरुघर की सेवा और समाजसेवा में योगदान देने वाले सेवादारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर दिनभर चलता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की भावना दिखाई दी।

प्रभातफेरियों और विद्युत सजावट से भक्तिमय हुआ शहर

प्रकाशोत्सव के अवसर पर जबलपुर और आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में कीर्तनी प्रभातफेरियां निकाली गईं। गुरुनानक विद्यालय मढ़ाताल में बसंती निशान साहिब लहराने की सेवा की गई। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया गया। खमरिया स्थित गुरुद्वारे में भी प्रकाशोत्सव उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया।

आयोजन में इनकी रही प्रमुख भूमिका

समारोह के आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह विरदी के साथ कुलदीप सिंह बंसल, सुखविंदर सिंह रील, इन्द्रपाल सिंह सेहमी, जतिंदर सिंह सैनी, एमएस नागी, अवतार सिंह बांगा, अमनदीप सिंह विरदी, राजिंदर सिंह धनजल, सुरिंदर सिंह अहलूवालिया और गुरप्रीत सिंह मोनू भाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सेवादारों का योगदान रहा। प्रकाशोत्सव ने गुरु नानक देव जी के सेवा, समानता, सद्भाव और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

Author

Related Articles

Back to top button