देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कन्नौज में स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत; 25 घायल

पिकनिक से लौट रहे थे कौशांबी के विद्यार्थी, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह हुआ हादसा; 2 की हालत गंभीर

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 4 स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। आगरा और मथुरा से पिकनिक मनाकर लौट रहे बच्चों की स्कूल बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के समय बस में 50 बच्चों सहित कुल 60 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार, कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी आगरा और मथुरा की पिकनिक यात्रा से लौट रहे थे। बस सोमवार रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे बच्चों को शौच के लिए बस चालक ने एक्सप्रेसवे पर वाहन रोका था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर से बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़कर बिखर गईं। कुछ बच्चे सीटों के बीच फंस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।

आठवीं और दसवीं के चार छात्रों की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले चारों छात्र ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। मृतकों की पहचान अरमान और आर्यन के रूप में हुई है, जो आठवीं कक्षा के विद्यार्थी थे। वहीं, रजीउल्लाह और मोहम्मद जैद दसवीं कक्षा में पढ़ते थे।

हादसे में स्कूल प्रबंधक सलमान सहित एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है।

घायल छात्र ने ट्रक चालक पर लगाया शराब पीने का आरोप

घायल छात्र प्रिंस प्रजापति के मुताबिक, सभी बच्चे कौशांबी के रहने वाले हैं। वे आगरा में ताजमहल देखने के बाद मथुरा घूमकर लौट रहे थे। बस में सवार उनके दोस्त नौशाद की तबीयत खराब थी। उसे शौच कराने के लिए चालक ने बस एक्सप्रेसवे पर रोकी थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।

प्रिंस ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने शराब पी रखी थी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button