बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

खाखन पुल के पास फिर पलटा मिट्टी लोड हाईवा, चालक बाल-बाल बचा

सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ वाहन, ग्रामीणों और पुलिस ने सुरक्षित निकाला

सिंगरौली। सिंगरौली-देवसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खाखन पुल के पास मंगलवार को एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। मिट्टी से लोड हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में चालक देवेंद्र कुमार सिंह बाल-बाल बच गए। हाईवा का पंजीयन क्रमांक MP04 HE 4152 बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेंद्र कुमार सिंह पिता भगवती सिंह, निवासी ग्राम एवं पोस्ट बमुरी, तहसील सिहावल, थाना अमिलिया, जिला सीधी, महिंद्रा कंपनी का हाईवा चलाते हैं और केसीसी कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। बताया गया कि वे कोहराखोह से मिट्टी लोड कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे फिलिंग कार्य के लिए परिवहन कर रहे थे। इसी दौरान खाखन पुल के पास सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में उन्होंने हाईवा को दूसरी ओर मोड़ा। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चालक को दुर्घटनाग्रस्त हाईवा से सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

खाखन पुल पर लगातार हादसों से बढ़ी चिंता

खाखन पुल के आसपास लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग की यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं को देखते हुए संबंधित विभाग को पुल और आसपास के दुर्घटना संभावित स्थानों का निरीक्षण करना चाहिए। साथ ही चेतावनी संकेतक, सुरक्षा अवरोध और अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे और जनहानि को रोका जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button