सिंगरौली के एसपी सहित 9 पुलिसकर्मियों को मिली डीजी डिस्क
भोपाल में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने उत्कृष्ट सेवाओं और विशिष्ट कार्यों के लिए किया सम्मानित

सिंगरौली। जिले की पुलिस के लिए गौरव की उपलब्धि सामने आई है। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. सहित सिंगरौली पुलिस के 9 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और विशिष्ट कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘डीजी डिस्क’ से सम्मानित किया गया। 27 नवंबर 2026 को भोपाल में आयोजित समारोह में पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मानित होने वालों में पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के अलावा निरीक्षक यू.पी. सिंह, शिवपूजन मिश्रा, जितेंद्र सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक संदीप नामदेव, अमन वर्मा, रामजी त्रिपाठी, सुधाकर सिंह और प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह सेंगर शामिल हैं। इनमें कुछ अधिकारी पूर्व में सिंगरौली जिले में पदस्थ रह चुके हैं।
उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं को मिली पहचान
पुलिस विभाग का यह प्रतिष्ठित सम्मान व्यावसायिक दक्षता, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है। सिंगरौली जिले के 9 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साथ यह सम्मान मिलना जिला पुलिस बल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। सिंगरौली पुलिस परिवार ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उत्कृष्ट सेवाओं की कामना की है।











