वित्तीय समावेशन शिविर में ग्रामीणों को दी गई शासकीय योजनाओं की जानकारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की वाइढ़न शाखा ने मनाया 50वां स्थापना दिवस, दिव्यांग विद्यार्थियों को दिए संगीत वाद्ययंत्र

सिंगरौली, । यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ग्राम पंचायत सरई बरका एवं चौरा में वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक के जोनल एश्योरेंस हेड श्री मनोज भारती शर्मा, रीजनल एश्योरेंस हेड श्री मोहम्मद इब्राहिम, अग्रणी जिला प्रबंधक सिंगरौली श्री रंजीत कुमार, संबंधित शाखाओं के शाखा प्रमुख, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर में बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़कर वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की वाइढ़न शाखा का 50वां स्थापना दिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बैंक की गौरवशाली यात्रा एवं ग्राहक सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया गया। कार्यक्रम के तहत बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत दिव्यांग विद्यार्थियों को संगीत वाद्ययंत्र प्रदान किए गए। बैंक की इस पहल की अतिथियों ने सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं आत्मविश्वास बढ़ाने की सराहनीय पहल बताया।यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अपने मूल मंत्र “अच्छे लोग, अच्छा बैंक” के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक बैंकिंग सुविधाएं एवं वित्तीय सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।











