नशे में ट्रेलर चलाते पकड़ा गया चालक, वाहन स्वामी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना
जयंत पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर से की जांच, चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर मामला न्यायालय में किया पेश

सिंगरौली। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। जयंत क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रेलर चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। ब्रीथ एनालाइजर से जांच में चालक के शरीर में अल्कोहल की मात्रा 71.6 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर पाई गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। मामले में माननीय न्यायालय ने वाहन स्वामी पर 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार के निर्देश पर चौकी प्रभारी जयंत निरीक्षक पवन कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान ट्रेलर क्रमांक UP64BT9457 को रोका।
चालक की ब्रीथ एनालाइजर से जांच कराने पर अल्कोहल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल वाहन जब्त कर प्रकरण तैयार किया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने सुनवाई के बाद वाहन स्वामी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।
वाहन स्वामियों को भी जिम्मेदारी निभाने की अपील
सिंगरौली पुलिस ने वाहन स्वामियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों से अपील की है कि वाहन संचालन के लिए चालक की तैनाती करते समय यह सुनिश्चित करें कि वह किसी भी प्रकार के नशे में न हो। पुलिस के अनुसार, नशे में वाहन चलाने की लापरवाही सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











