बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माजन-परसौना सड़क के गड्ढे खोल रहे विकास के दावों की पोल, राहगीर परेशान

नगर निगम कमिश्नर, महापौर और अधिकारियों का भी इसी मार्ग से गुजरना, फिर भी बदहाल सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं

 

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न के माजन से परसौना तक जाने वाली सड़क बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों ने आवागमन मुश्किल कर दिया है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है। हालात यह हैं कि आम राहगीर रोजाना इस मार्ग से गुजरते हुए परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

विडंबना यह है कि इसी सड़क से नगर निगम आयुक्त, निगम अध्यक्ष, महापौर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी गुजरते हैं। इसके बाद भी सड़क के गड्ढे और आम जनता की परेशानी जिम्मेदारों की नजर में नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का इसी मार्ग से आना-जाना होता है, तो फिर सड़क की बदहाली दूर करने के लिए अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

विकास के दावों पर भारी सड़क की बदहाली

नगर निगम क्षेत्र में विकास और बेहतर सुविधाओं को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन माजन-परसौना सड़क की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। राहगीरों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि कई ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें भी इससे बेहतर नजर आती हैं। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है और आवागमन में अनावश्यक परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार इस समस्या को कब गंभीरता से लेते हैं और राहगीरों को बदहाल सड़क से राहत कब मिलती है।

Author

Related Articles

Back to top button