मध्यप्रदेश को 1,500 मेगावाट तक अतिरिक्त बिजली दिलाने की मांग, ऊर्जा मंत्री तोमर ने केंद्र से मांगा सहयोग
किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने के लिए 5,918 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का प्रस्ताव, सिंहस्थ-2028 के लिए भी 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की जरूरत

जबलपुर। मध्यप्रदेश में बिजली की बढ़ती मांग और किसानों को दिन के समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से सहयोग मांगा है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 27 और 28 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय अनावंटित बिजली कोटे से मध्यप्रदेश को 1,000 से 1,500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की योजना के लिए 5,918.87 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता मांगी।
केंद्रीय विद्युत एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश की वर्तमान और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं, बिजली आपूर्ति की चुनौतियों और ऊर्जा क्षेत्र में सुधारों पर चर्चा हुई। इस दौरान सिंहस्थ-2028 के लिए अतिरिक्त बिजली, ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं और विद्युत वितरण अधोसंरचना के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दे भी उठाए गए। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह और सचिव विशेष गढ़पाले मौजूद रहे।
मंत्री तोमर ने कहा कि केंद्र के सहयोग और समन्वय से प्रदेश की ऊर्जा संबंधी चुनौतियों का समाधान किया जा सकता है। इससे कृषि, औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने के लिए 5,918 करोड़ की मांग
प्रदेश में कृषि उपभोक्ताओं को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत 7,441 कृषि फीडरों का पूरा लोड दिन के समय स्थानांतरित किया जाएगा। सस्ती सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने के लिए पारेषण और वितरण अधोसंरचना का भी उन्नयन किया जाएगा।
इस योजना पर कुल 9,864.79 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार ने 60:40 के अनुपात में वित्तीय सहायता मांगी है। इसके तहत केंद्र से 5,918.87 करोड़ रुपये और राज्य सरकार एवं वितरण कंपनियों से 3,945.92 करोड़ रुपये का अंशदान प्रस्तावित है। वैकल्पिक रूप से पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी) से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
सिंहस्थ-2028 के लिए 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की जरूरत
उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत ऊर्जा विभाग करीब 667 करोड़ रुपये के कार्य करा रहा है। आयोजन के दौरान 15 मार्च से 31 मई 2028 तक लगभग 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता का अनुमान है। इसके लिए केंद्र से केंद्रीय क्षेत्र के ताप विद्युत संयंत्रों से तीन महीने तक अतिरिक्त बिजली आवंटित करने की मांग की गई है।
प्रदेश में बिजली की मांग 11.3 प्रतिशत बढ़ी
अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान मध्यप्रदेश में अधिकतम बिजली मांग में औसतन 11.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह वृद्धि 1.8 प्रतिशत थी। अक्टूबर 2026 में अधिकतम मांग पिछले वर्ष की तुलना में 30.7 प्रतिशत अधिक रही। इसे देखते हुए फरवरी की पीक अवधि के लिए केंद्र के अनावंटित बिजली कोटे से 1,000 से 1,500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली देने का अनुरोध किया गया है।
पुरानी एनटीपीसी इकाइयों के स्थान पर नई परियोजनाओं से बिजली की मांग
मध्यप्रदेश को एनटीपीसी के कोरबा और विंध्याचल-1 एवं 2 जैसे पुराने ताप विद्युत संयंत्रों से लगभग 1,225 मेगावाट बिजली मिलती है। इन इकाइयों के सेवानिवृत्त होने की स्थिति में भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए एनटीपीसी लारा से 800 मेगावाट और एनटीपीसी सीपत से 800 मेगावाट बिजली आवंटित करने की मांग की गई है।
मध्यम अवधि की बिजली जरूरतों का मुद्दा भी उठाया
सम्मेलन में जेपी निगरी ताप विद्युत परियोजना से 495 मेगावाट बिजली की अनुपलब्धता और महान एनर्जी परियोजना से मध्यप्रदेश के लिए अनुबंधित 1,230 मेगावाट बिजली को लेकर बनी अनिश्चितता के समाधान की मांग की गई। इसके विकल्प के रूप में महाराष्ट्र की सिनार ताप विद्युत परियोजना से 540 मेगावाट और झारखंड के पतरातू से 150 मेगावाट बिजली विनियमित टैरिफ पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इसके अलावा केंद्रीय अनावंटित कोटे से मध्यम अवधि के लिए 1,200 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई गई।
बैटरी और पंप स्टोरेज परियोजनाओं के लिए वीजीएफ की मांग
नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर उपयोग और बिजली आपूर्ति में संतुलन बनाए रखने के लिए प्रदेश सरकार ने 1,000 मेगावाट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) और 1,700 मेगावाट क्षमता की पंप स्टोरेज परियोजनाओं के लिए केंद्र से वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
राज्यों के बीच साझा ऊर्जा संसाधनों के उपयोग का सुझाव
मध्यप्रदेश सरकार ने केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से अन्य राज्यों की रिसोर्स एडिक्वेसी योजनाओं में पूरक विद्युत खरीद को भी विकल्प के रूप में शामिल करने का आग्रह किया। साथ ही अधिक बिजली मांग वाले राज्यों के बीच साझा ऊर्जा भंडारण, सौर ऊर्जा और बैंकिंग की संभावनाएं विकसित करने का सुझाव दिया। सरकार का मानना है कि इससे अलग-अलग राज्यों में दोहरी क्षमता निर्माण से बचा जा सकेगा और बिजली आपूर्ति की कुल लागत कम करने में मदद मिलेगी।













